केंद्र सरकार की तरफ से स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को कोरोना पर वीकली रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि कोरोना का सबसे ज्यादा असर पुरुषों पर देखने को मिला है। अब तक मिले कुल संक्रमितों में 63% संक्रमित पुरुष हैं, जबकि 37% महिलाएं हैं। उम्र के हिसाब से देखें तो 8% मरीजों की उम्र 17 साल से कम है। 18 से 25 साल के 13%, 26 से 44 साल के 39%, 45 से 60 साल के 26% और 60 साल से अधिक के 14% लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना से जान गंवाने वाले 70% पुरुष मरीज थे, जबकि 30% महिला संक्रमितों की मौत हुई है।
उधर, केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. विजय राघवन ने बताया कि यूके और साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन पर भी वैक्सीन असर करेगी। ऐसा कोई प्रमाण अब तक नहीं मिला है जिससे यह साफ हो कि मौजूदा वैक्सीन इन नए स्ट्रेन पर कोई असर नहीं कर रही है। प्रो. राघवन ने बताया कि वैक्सीन जल्द उपलब्ध होगी। हालांकि रोलिंग आउट होने में अभी वक्त लगेगा।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने क्या कहा?
- ठंड के इस मौसम में देश की बड़ी आबादी संक्रमण को लेकर अतिसंवेदनशील है।
- कोरोना का नया स्ट्रेन यूके से निकलकर भारत समेत कई देशों में पहुंच चुका है।
- नए स्ट्रेन की अपनी रफ्तार है। इसलिए हमें और अधिक सावधान रहने की जरूरत है। किसी को भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने क्या कहा?
- कोरोना के नए स्ट्रेन आने की खबर सामने आने से पहले अब तक हमने 5 हजार जिनोम सीक्वेंस की जांच देशभर के अलग-अलग लैब में कर ली है।
- अब हम जिनोम सिक्वेंसिंग की जांच का नंबर बढ़ा रहे हैं।
- 9 दिसंबर से 22 दिसंबर के बीच भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में अगर लक्षण मिलते हैं और वह संक्रमित पाए जाते हैं तो उनके सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए ICMR के लैब भेजे जाएंगे।
- अगर ऐसे यात्रियों में लक्षण नहीं पाए जाते तो उनको पांचवें और दसवें दिन RT-PCR टेस्ट करके चेक किया जाएगा। अभी तक केवल ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के बारे में ऐसे दिशा-निर्देश थे।
- देश में एक्टिव केस लगातार घट रहे हैं। पिछले हफ्ते केवल 2.25% पॉजिटिविटी रेट रही है।
- कोरोना के नए स्ट्रेन की पहचान के लिए देश के 10 लैब में जांच हो रही है।
टेस्टिंग का आंकड़ा 17 करोड़ के पार
देश में कोरोना टेस्ट का आंकड़ा 17 करोड़ के पार हो गया है। अब तक 17 करोड़ 5 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 1 करोड़ 2 लाख 42 हजार 306 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें अब तक 98 लाख 28 हजार 161 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 48 हजार 161 मरीजों की मौत हो चुकी है।
पिछले 24 घंटे के अंदर 17 हजार 509 लोग संक्रमित पाए गए हैं। 21 हजार 394 लोग रिकवर हुए और 236 की मौत हो गई। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स
- महाराष्ट्र के एग्रीकल्चर मिनिस्टर दादाजी भूसे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
- कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ के किसी भी बीच पर 31 दिसंबर की आधी रात से 2 जनवरी तक लोगों की एंट्री पर बैन रहेगी। मंगलवार को इसके लिए जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है।
- मुंबई में 15 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। BMC ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है।
- चंडीगढ़ प्रशासन ने न्यू ईयर को देखते हुए होटल्स और रेस्टोरेंट्स के लिए आदेश जारी किया है। कहा गया है कि सभी को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करना होगा। हॉल या ग्राउंड की क्षमता के आधे लोगों को ही एकसाथ एकत्रित होने की मंजूरी देना है। 200 से ज्यादा लोग एक जगह नहीं जुट पाएंगे।
- हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की पत्नी संतोष शैलजा का मंगलवार सुबह कोरोना से निधन हो गया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने यह जानकारी दी।
- भारत में भी कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन पहुंच गया है। यहां छह संक्रमितों में यह वायरस मिला है। ये सभी हाल ही में ब्रिटेन से लौटे थे।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
यहां मंगलवार को 703 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 850 लोग रिकवर हुए और 28 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 24 हजार 118 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6 हजार 122 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 6 लाख 7 हजार 494 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 10 हजार 502 हो गई है।

2. मध्यप्रदेश
यहां सोमवार को 876 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1090 लोग ठीक हुए और नौ की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 39 हजार 228 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 25 हजार 782 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3572 मरीजों की मौत हो चुकी है। 9874 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. गुजरात
यहां मंगलवार को 804 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 999 लोग रिकवर हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 43 हजार 459 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9 हजार 921 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 29 हजार 243 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 4295 हो गई है।

4. राजस्थान
राज्य में मंगलवार को 626 नए केस मिले। 1149 लोग रिकवर हुए और 6 की मौत हो गई। अब तक 3 लाख 6 हजार 784 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 93 हजार 888 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 213 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2683 हो गई है।

5. महाराष्ट्र
यहां मंगलवार को 3018 लोग संक्रमित पाए गए। 5572 लोग रिकवर हुए और 68 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 25 हजार 66 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 18 लाख 20 हजार 537 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि 54 हजार 537 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 49 हजार 373 हो गई है। रिकवरी रेट बढ़कर 94.54% हो गया है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें