ब्रिटेन में कोरोनावायरस के म्यूटेटेड वेरियेंट से हालात बिगड़ने के बाद सरकार ने ज्वाइंट मॉनीटरिंग ग्रुप की अर्जेंट मीटिंग बुलाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को ही यह बैठक होगी। ब्रिटेन में कोरोनावायरस के नए प्रकार से हालात बिगड़ गए हैं और कई लंदन समेत इंग्लैंड के कई हिस्सों में लॉकडाउन लगाना पड़ा है।
इधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने रविवार को कहा कि जनवरी से कोविड-19 वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, ”मुझे व्यक्तिगत रूप से महसूस हो रहा है कि जनवरी के किसी हफ्ते में वैक्सीन का पहला डोज दे दिया जाएगा। हम इस स्थिति में पहुंच चुके हैं। हालांकि हमारी पहली प्राथमिकता है कि वैक्सीन सुरक्षित और इफेक्टिव रहे। इसके साथ हम किसी भी तरह का समझौता नहीं कर सकते हैं।”
अब तक देश में 1 करोड़ 56 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3 लाख 2 हजार 344 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 96 लाख 5 हजार 326 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 45 हजार 843 हो गई है।
टेस्टिंग के मामले में भारत दूसरे नंबर पर पहुंचा
कोरोना टेस्टिंग के मामले में भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश हो गया है। अब तक यहां 16.11 करोड़ यानी देश की 138 करोड़ की आबादी में 11.62% लोगों की जांच हो चुकी है। इस मामले में अब तक चीन दूसरे नंबर पर था। यहां 16 करोड़ लोगों की जांच हुई है। अमेरिका में सबसे ज्यादा 23 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।
केरल में तेजी से बढ़ रहे केस
केरल में कोरोना संक्रमण की रफ्तार काबू नहीं हो पा रही है। यहां हर दिन 5-6 हजार केस आ रहे हैं। रविवार को 5711 नए मामले सामने आए। 4471 लोग रिकवर हुए और 30 की मौत हो गई। इसी के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा अब 5 लाख 5 हजार 870 हो गया है। इनमें 61 हजार 620 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 6 लाख 41 हजार 285 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2817 हो गई है। महाराष्ट्र के अब सबसे ज्यादा एक्टिव केस अब यहीं हैं। महाराष्ट्र में अभी 62 हजार एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र में अगले 6 महीने तक मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात पूरी तरह सम तो नहीं, लेकिन काबू में हैं, इसलिए वे राज्य में नाइट कर्फ्यू या लॉकडाउन के पक्ष में नहीं हैं।
- महाराष्ट्र में नए वर्ष पर रेस्टोरेंट्स को लेकर जारी किए गए एसओपी में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोग नए वर्ष को सेलिब्रेट करें लेकिन नियमों का पालन करते हुए। कहीं भी ज्यादा लोगों के जुटने की मंजूरी नहीं होगी।

5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
राजधानी दिल्ली में रविवार को 1091 लोग संक्रमित पाए गए। 1275 लोग रिकवर हुए और 26 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 17 हजार 5 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5 लाख 96 हजार 580 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 277 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 10 हजार 148 मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश
रविवार को राज्य में 1069 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 1274 लोग रिकवर हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 341 हजार 284 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 11 हजार 318 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 16 हजार 485 लोग ठीक हो चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा अब 3481 हो गया है।

3. गुजरात
राज्य में रविवार को 1010 लोग संक्रमित पाए गए। 1190 लोग रिकवर हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 35 हजार 299 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 11 हजार 840 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 19 हजार 225 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 4234 हो गई है।

4. राजस्थान
रविवार को राज्य में 978 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1326 लोग रिकवर हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 98 हजार 996 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 12 हजार 422 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 83 हजार 957 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2617 हो गई है।

5. महाराष्ट्र
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 3811 नए मरीज मिले। 2064 लोग रिकवर हुए और 98 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 96 हजार 518 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 62 हजार 743 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 17 लाख 83 हजार 905 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 48 हजार 746 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें