देश अब कोरोना की दूसरी लहर की तरफ बढ़ने लगा है। ऐसा हम नहीं बोल रहे हैं। आंकड़े इस ओर इशारा कर रहे हैं। कोरोना के एक्टिव केस (ऐसे मरीजों की संख्या जिनका इलाज चल रहा है) पर नजर डालें तो पिछले 3-4 दिनों में इसके कम होने की रफ्तार घटने लगी है।
मतलब आज से 7 दिन पहले हर दिन 15 से 24 हजार तक एक्टिव केस कम हो रहे थे। यह आंकड़ा अब 2-3 हजार के बीच आ गया है। 2 नवंबर को देश में 21 हजार 447 एक्टिव केस कम हुए थे। फिर 3 नवंबर को 7 हजार और 4 नवंबर को ये घटकर 6 हजार पर आ गया था।
2 दिन से 3 हजार से भी कम एक्टिव केस घट रहे
पिछले दो दिनों से 3 हजार से भी कम एक्टिव केस घट रहे हैं। 7 नवंबर को 2995 और 8 नवंबर को 2210 एक्टिव केस घटे हैं। मतलब साफ है कि अब ज्यादातर राज्यों में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को 18, शनिवार को 19 और रविवार को 11 राज्यों के एक्टिव केस में इजाफा देखने को मिला है।
अगर यही स्थिति रही तो आने वाले 3-4 दिनों में एक्टिव केस घटने की बजाय फिर से बढ़ने लगेंगे। ऐसा हुआ तो ये देश में कोरोना की दूसरी लहर मानी जाएगी। देश में अब तक 85 लाख 87 हजार 628 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 5 लाख 01 हजार 599 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 79 लाख 57 हजार 453 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 1 लाख 27 हजार 18 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

कोरोना अपडेट्स
- कर्नाटक के हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने 17 नवंबर से राज्य में खुल रहे यूनिवर्सिटी, कॉलेज, टेक्निकल इंस्टीट्यूट्स और डिप्लोमा कॉलेज के लिए SOP जारी किया है। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का सभी को पालन करना होगा। स्टूडेंट्स को बुलाने से पहले उनके पैरेंट्स का अनुमति पत्र मंगवाना होगा।
- दिल्ली सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है जिसमें कोर्ट ने दिल्ली के प्राइवेट अस्पतालों के 80% ICU बेड्स को आरक्षित करने को कहा है। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को होगी।
- केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिरुअनंतपुरम में भर्ती कराया गया है। बीते 7 नवंबर को वह कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। राजभवन के पीआरओ के मुताबिक, उनका स्वास्थ्य ठीक है।
- दिल्ली में कोरोना केस पीक पर पहुंच चुके हैं और यह स्थिति अगले कुछ दिन तक बनी रह सकती है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को ये जानकारी दी। जैन ने कहा- ऐसा लग रहा है कि दिल्ली में कोरोना केस पीक पर हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह स्थिति अगले 4 से 5 दिन तक बनी रह सकती है। दिल्ली में कोरोना से मृत्यु दर 1.59% है।
महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर बर्दाश्त नहीं कर सकते : उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने रविवार को कहा कि अब महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। कोरोना के मामलों में गिरावट के चलते लॉकडाउन में छूट दी गई है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि कोरोना बिल्कुल समाप्त हो चुका है।
टेस्टिंग में कमी आई
बीते कुछ दिनों से नए केस की संख्या 50 हजार के आसपास बनी हुई है, वह भी तब जबकि टेस्टिंग कुछ घटाई गई है। रविवार को 8.35 लाख टेस्ट किए गए, यह यह संख्या बीते 42 दिनों में सबसे कम है। देश में कोरोना के केसों में फिर एक बार तेजी देखी जा रही है। मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बीते हफ्ते 3 लाख 24 हजार 542 केस आए। यह उससे पहले वाले हफ्ते के मुकाबले 5176 ज्यादा रहे। इससे पहले सात हफ्तों से नए केस में गिरावट दर्ज की जा रही थी। मौत का आंकड़ा भी लगातार कम हो रहा था, लेकिन पिछले हफ्ते 4011 मौत हुईं। इसमें इससे पहले वाले हफ्ते के मुकाबले 422 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

फिर से बढ़ने लगे कोरोना के मरीज

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को 809 कोरोना मरीज मिले। 681 लोग रिकवर हुए और 6 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 78 हजार 168 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8050 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 67 हजार 84 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 3034 मरीजों की मौत हो चुकी है।

2. राजस्थान
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 1859 लोग संक्रमित पाए गए। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा अब 2 लाख 13 हजार 169 हो गया है। इनमें 16 हजार 542 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 94 हजार 629 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण की चपेट में आने से अब तक 1998 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

3. बिहार
सोमवार को राज्य में 865 नए मरीज मिले। 851 लोग रिकवर हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 2 लाख 23 हजार 477 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6738 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 15 हजार 587 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 1,151 मरीजों की जान जा चुकी है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में सोमवार को 3277 नए संक्रमित मिले। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा अब 17 लाख 23 हजार 135 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अभी 10 लाख लोग होम क्वारैंटाइन और 7586 लोग इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन में हैं। टेक्निकल प्रॉब्लम का हवाला देते हुए राज्य सरकार ने सोमवार को होने वाली मौतों और डिस्चार्ज होने वाले मरीजों का आंकड़ा नहीं जारी किया।

5. उत्तरप्रदेश
प्रदेश में सोमवार को 1627 लोग संक्रमित मिले। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा 4 लाख 99 हजार 190 हो गया है। इनमें 22 हजार 956 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 69 हजार 3 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण की चपेट में आकर अब तक 7231 लोग जान गंवा चुके हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें