देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 79 लाख के पार हो गया है। अब तक 79 लाख 9 हजार 49 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 71 लाख 33 हजार 993 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि 6 लाख 54 हजार 686 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 19 हजार 30 मरीजों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो देश के 14 राज्य और केंद्र शासित राज्यों में कोरोना से होने वाली मौतें काबू में हैं। यहां 1% से भी कम डेथ रेट है। सबसे ज्यादा 3.14% डेथ रेट पंजाब और 2.63% महाराष्ट्र का है।
मिजोरम देश का पहला ऐसा राज्य है जहां कोरोना से अब तक कोई मौत नहीं हुई है। यहां अब तक 2,447 लोग संक्रमित हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने काफी हद तक संक्रमण को काबू किया है।
कर्नाटक में मरीजों का आंकड़ा 8 लाख के पार
कर्नाटक में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8 लाख के पार हो गया है। अब तक 8 लाख 2 हजार 817 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 81 हजार 50 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 7 लाख 10 हजार 843 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 10 हजार 905 मरीजों की मौत हो चुकी है।

रिजर्व बैंक के गवर्नर कोरोना संक्रमित
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ”मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं। एसिंप्टोमैटिक हूं। पूरी तरह स्वस्थ्य महसूस कर रहा हूं। मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वह सावधानी बरतें। मैं होम आइसोलेशन में रहकर काम जारी रखूंगा। RBI का काम पहले की तरह सामान्य होगा। मैं अपने सभी डिप्टी गवर्नर और अन्य अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व टेलीफोन के माध्यम से जुड़ा रहूंगा।”
कोरोना अपडेट्स
- पिछले 5 दिनों में रिकवरी रेट में 2% का इजाफा हुआ है। 19 अक्टूबर को 87% रिकवरी रेट था, जो अब बढ़कर 89.74% हो गया है। पिछले 3 दिनों में एक्टिव केस (ऐसे मरीजों की संख्या जिनका अभी इलाज चल रहा है) में भी 58 हजार की कमी देखी गई है।
- देश में अभी 16 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं, जहां एक्टिव केस 5 हजार से कम हो गए हैं। सबसे कम दादरा एंड नागर हवेली में 51, मिजोरम में 175, अंडमान निकोबार में 204, सिक्किम में 242 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, पुडुचेरी, गोवा, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, लद्दाख और चंडीगढ़ में भी एक्टिव केस की संख्या कम है।
- कोरोना वैक्सीन पर काम कर रही भारत बायोटेक को वैक्सीन के बड़े स्तर पर ट्रायल को मंजूरी मिल गई है। फर्म ने 12 से 14 राज्यों के 20 हजार वॉलंटियर्स पर ट्रायल की तैयारी शुरू कर दी है।

पिछले दो हफ्तों की तुलना में 70 हजार कम मरीज मिले
कोरोना के इलाज करा रहे मरीजों की संख्या अब 6.68 लाख हो गई है। बीते दो हफ्तों की तुलना करें तो इस बार 70 हजार कम मरीज मिले। 11 से 17 अक्टूबर के बीच जहां 3 लाख 71 हजार 163 केस आए थे, तो 18 से 24 अक्टूबर के बीच यह संख्या 4 लाख 41 हजार 217 रही। इस हफ्ते 4 लाख 81 हजार 324 मरीज ठीक हो गए, यह संख्या इससे पहले वाले हफ्ते से 38 हजार 210 कम है।
कम मरीज ठीक होने के बावजूद एक्टिव मरीजों की संख्या में और सुधार हुआ है। 11 से 17 अक्टूबर के बीच जहां 84 हजार 147 एक्टिव केस कम हुए थे, वहीं 18 से 24 अक्टूबर के बीच 1 लाख 14 हजार 790 एक्टिव केस कम हुए।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्य प्रदेश
राज्य में रविवार को 951 नए मरीज मिले, 1181 लोग ठीक हुए और 10 मरीजों की मौत हो गई। संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 लाख 67 हजार 249 हो गया है। इनमें 11 हजार 237 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 53 हजार 127 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2885 मरीजों की मौत हो चुकी है।

2. राजस्थान
रविवार को राज्य में 1821 लोग संक्रमित पाए गए। 2240 लोग रिकवर हुए और 13 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 86 हजार 243 लोग अब तक संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 16 हजार 668 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 67 हजार 736 लोग ठीक हो चुके हैं।

3. बिहार
राज्य में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 1 करोड़ के पार हो गया। पिछले 24 घंटे में 1.4 लाख लोगों की जांच हुई। इनमें 749 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक 2 लाख 12 हजार 192 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 हजार 222 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 920 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1049 मरीजों की मौत हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 6059 नए मरीज मिले, 5648 लोग रिकवर हुए और 112 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 45 हजार 20 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 1 लाख 40 हजार 486 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 14 लाख 60 हजार 755 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 43 हजार 264 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में कोरोना के चलते जान गंवाने वालों की संख्या 6882 हो गई है। रविवार को 28 संक्रमितों की मौत हुई। 2032 नए मरीज मिले और 2368 लोग रिकवर हुए। अब तक 4 लाख 70 हजार 270 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 27 हजार 317 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 36 हजार 71 लोग ठीक हो चुके हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें