देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 78 लाख 63 हजार 139 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 70 लाख 74 हजार 807 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6 लाख 68 हजार 470 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
पिछले 5 दिनों का आंकड़ा देखें तो रिकवरी रेट में 2% का इजाफा देखने को मिला है। 19 अक्टूबर को 87% रिकवरी रेट था जो अब बढ़कर 89.74% हो गया है। पिछले 3 दिनों में एक्टिव केस (ऐसे मरीजों की संख्या जिनका अभी इलाज चल रहा है) में भी 58 हजार की कमी देखी गई है।
देश में अभी 16 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं, जहां एक्टिव केस 5 हजार से कम हो गए हैं। सबसे कम दादरा एंड नागर हवेली में 51, मिजोरम में 175, अंडमान निकोबार में 204, सिक्किम में 242 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, पुडुचेरी, गोवा, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, लद्दाख और चंडीगढ़ में भी एक्टिव केस की संख्या कम है।
आंध्र प्रदेश में 8 लाख से ज्यादा मरीज
आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 8 लाख से ज्यादा हो गई है। अब तक 8 लाख 4 हजार 26 लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 95.22% यानी 7 लाख 65 हजार 991 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 31 हजार 469 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। रिकवरी के मामले में आंध्र प्रदेश देश में सबसे आगे है। संक्रमण के चलते अब तक यहां 6566 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में 74.9 लाख लोगों का टेस्ट हो चुका है।

कोरोना अपडेट्स
-
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार चुनाव में भाजपा के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे आइसोलेट हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी। फडणवीस ने कहा कि जो लोग उनके संपर्क में आए, उन्हें भी टेस्ट करवा लेना चाहिए। इससे पहले बिहार के 3 बड़े भाजपा नेता डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, राजीव प्रताप रूडी और शाहनवाज हुसैन भी संक्रमित हो चुके हैं।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वैक्सीन पूरे देश में फ्री दी जानी चाहिए। यह हर एक का हक है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन आने दो, हम देखेंगे यह कैसी है और इसकी क्या कीमत है। केजरीवाल से मीडिया ने सवाल किया था कि क्या उनकी सरकार भी दिल्ली वासियों को मुफ्त वैक्सीन मुहैया कराएगी।
- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने त्योहारों और सर्दी के सीजन को देखते हुए लोगों से अपील की है कि कोरोना गाइडलाइंस को फॉलो करें। साथ ही कहा कि राज्यों को टेस्टिंग, सर्विलांस और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि कोरोना की स्थिति तय करने में अगले 3 महीने अहम होंगे।
- कोरोना वैक्सीन पर काम कर रही भारत बायोटेक को वैक्सीन के बड़े स्तर पर ट्रायल को मंजूरी मिल गई है। फर्म ने 12 से 14 राज्यों के 20 हजार वॉलंटियर्स पर ट्रायल की तैयारी शुरू कर दी है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के मुताबिक 23 अक्टूबर तक देशभर में 10 करोड़ 13 लाख 82 हजार 564 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। शुक्रवार को 12 लाख 69 हजार 479 टेस्ट किए गए।
लगातार दूसरे दिन कम मरीज मिले
देश में कोरोना के नए मरीज मिलने की संख्या में लगातार दूसरे दिन कमी आई है। 21 अक्टूबर को 56 हजार 264 मरीज सामने आए थे, 22 अक्टूबर को यह आंकड़ा 54 हजार 367 और 23 अक्टूबर को 53 हजार 935 रह गया। एक्टिव केस भी अब 6 लाख 80 हजार 801 रह गए हैं।

पति की कोरोना से मौत हुई तो महिला ने बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी
हैदराबाद में पति की कोरोना से मौत होने से दुखी 55 साल की एक महिला ने सुसाइड कर ली। खबर के मुताबिक, 58 साल का व्यक्ति कुछ दिनों पहले ही संक्रमित पाया गया था। इसके बाद वह होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज चल रहा था। गुरुवार को उसकी मौत हो गई। इससे दुखी पत्नी ने भी शनिवार को अपार्टमेंट की बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान दे दी।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्य प्रदेश
राज्य में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 2875 हो गया है। पिछले 24 घंटे में 20 मरीजों की मौत हुई। 1004 नए केस मिले और 1268 लोग रिकवर हुए। अब तक 1 लाख 66 हजार 298 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 11 हजार 477 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 51 हजार 946 लोग ठीक हो चुके हैं।

2. राजस्थान
शनिवार को राज्य में 1852 मरीज मिले, 2515 लोग रिकवर हुए और 12 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 84 हजार 422 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 17 हजार 100 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 65 हजार 496 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1826 मरीजों की मौत हो चुकी है।
प्रदेश में संक्रमण के गढ़ जयपुर, जोधपुर और कोटा में निगम चुनाव हो रहे हैं। त्योहारों की वजह से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों तक में भीड़ 80% तक बढ़ गई है। ऐसे में जब कोरोना की सैंपलिंग बढ़ानी चाहिए थी, लेकिन घटा दी गई। पिछले 2 महीने में देश में जहां औसत सैंपलिंग 44% बढ़ी, वहीं राजस्थान में 25% तक घट गई है।

3. बिहार
राज्य में 1054 नए मरीज मिले। अब तक 2 लाख 11 हजार 443 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 हजार 879 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 99 हजार 521 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1042 मरीजों की मौत हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 6417 नए केस मिले, 10 हजार 4 लोग रिकवर हुए और 137 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 38 हजार 961 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 लाख 40 हजार 194 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 14 लाख 55 हजार 107 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 43 हजार 152 हो गया है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख 68 हजार 238 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर 2178 नए मरीज मिले, जबकि 2741 लोग रिकवर हुए। अब तक 4 लाख 33 हजार 703 लोग ठीक हो चुके हैं। इनमें 27 हजार 681 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 6854 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें